नारायणपुर में नक्सलियों का बड़ा हथियार डंप बरामद, सुरक्षाबलों को मिली महत्वपूर्ण सफलता

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में आधुनिक हथियार, विस्फोटक सामग्री और चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई जिले के ग्राम कुमुराडी के जंगलों में संचालित एक सुनियोजित सर्च ऑपरेशन के दौरान की गई।
नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन विकास गुड़िया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को कुमुराडी क्षेत्र में नक्सलियों के ठिकाने और हथियार डंप होने की विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 फरवरी को आईटीबीपी की 53वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम को मंदोडा कैंप से एरिया डॉमिनेशन पेट्रोलिंग के लिए रवाना किया गया था। सघन तलाशी के दौरान जवानों ने जंगल और पहाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप खोज निकाला।
बरामद की गई सामग्रियों में लगभग 35 किलोग्राम सुतली बम, 38 किलोग्राम उर्वरक पाउडर और 18 किलोग्राम इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक शामिल है। इसके अलावा जवानों ने मौके से एक इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट लॉन्चर, 13 रॉकेट लॉन्चर सेल, 19 भारी मोर्टार सेल, 11 हल्के मोर्टार सेल और दो बीजीएल लॉन्चर भी जब्त किए हैं। भारी मात्रा में बीजीएल राउंड, हैंड ग्रेनेड, सेफ्टी फ्यूज और प्राइमा कॉर्ड के साथ-साथ बड़ी संख्या में दवाइयां और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी मिली हैं। पुलिस के अनुसार इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियारों की बरामदगी से नक्सलियों के बड़े हमलों की साजिश नाकाम हुई है।



