यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, कंटेनर की टक्कर से बस से उतरे छह यात्रियों की मौत

मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। घटना सुरीर थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 88 पर सुबह करीब 3:00 बजे हुई। दिल्ली से कानपुर जा रही एक निजी बस के यात्री जब सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने बस को टक्कर मारते हुए यात्रियों को रौंद दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बस में सवार कुछ यात्रियों ने लघुशंका के लिए बस रुकवाई थी। ड्राइवर ने बस को किसी निर्धारित सुरक्षित स्थान के बजाय एक्सप्रेसवे के किनारे ही खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े लोगों की चपेट में ले लिया। इस हादसे में छह यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने अब तक चार मृतकों की पहचान कर ली है, जिनमें देवेश (बस्ती), सोनू (औरैया), असलम (कन्नौज) और संतोष (दिल्ली) शामिल हैं। अन्य दो मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल यात्री को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस को एक्सप्रेसवे पर गलत जगह पार्क करना हादसे का मुख्य कारण बना। नियमों के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर केवल निर्धारित ग्रीन जोन या सुरक्षित स्थानों पर ही वाहन रोकने की अनुमति है। अंधेरा होने के कारण कंटेनर चालक सड़क पर खड़ी बस का अंदाजा नहीं लगा सका। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



