आरंग-खरोरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: नशे में धुत ट्रक चालक ने बाइक सवारों को रौंदा, एक ही परिवार के दो लोगों की मौत

आरंग। आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जो घटना के समय अत्यधिक नशे की हालत में था।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गुल्लू निवासी नंदकिशोर लोधी अपनी मां राजकुमारी लोधी और रिश्तेदार कुंतीबाई लोधी के साथ आरंग में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान बजरंग केमिकल डिस्टलरी कंपनी के पास सामने से आ रहे धान से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कुंतीबाई लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल नंदकिशोर और उनकी मां को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान नंदकिशोर ने भी दम तोड़ दिया। राजकुमारी लोधी की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।



