दुर्ग में भीषण सड़क हादसा, 1 युवक की मौत, तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल

दुर्ग। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा 13 जनवरी की रात जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवारी पेट्रोल पंप के सामने हुआ। मृतक की पहचान प्रवीण कुमार (26 वर्ष), निवासी सुपेला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रवीण कुमार अपने तीन दोस्तों के साथ कार से कंचादूर में रहने वाले दोस्त प्रशांत मांडले को घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खंभे से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रवीण को सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हुआ। टक्कर के बाद कार एक ही बार पलटी और वाहन के सभी एयरबैग खुल गए थे। बावजूद इसके, प्रवीण को बचाया नहीं जा सका।
हादसे से पहले प्रवीण ने अपने स्वर्गीय पिता को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर भावुक स्टेटस पोस्ट किया था। स्टेटस डाले जाने के करीब 21 घंटे के भीतर ही उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



