बालाघाट में दिल दहला देने वाली घटना, पिता ने दो मासूम बच्चों संग कुएं में लगाई छलांग

बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम जराहमोहगांव के लाखीटोला में एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तीनों शव कुएं से बरामद कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय श्याम नागेंद्र के रूप में हुई है। उसके साथ 5 वर्षीय बेटे वंश और 3 वर्षीय बेटी भुवी का शव भी मिला। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चों को दुपट्टे से पिता की कमर में बांधा गया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि श्याम नागेंद्र ने बच्चों के साथ खुदकुशी की।
जानकारी के मुताबिक श्याम नागेंद्र एलआईसी कार्यालय में काम करता था। बताया जा रहा है कि उसने करीब आठ दिन पहले नौकरी छोड़ दी थी। घटना से एक दिन पहले वह पत्नी के मायके पक्ष में आयोजित एक शादी समारोह में भी शामिल हुआ था।
परिजनों ने बताया कि 12 मई की शाम करीब 7 बजे श्याम अपने दोनों बच्चों को बाइक से लेकर घर से निकला था। रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। बाद में गांव के बाहर कुएं के पास उसकी मोटरसाइकिल खड़ी मिली।
अगले दिन सुबह तलाश शुरू की गई। इसी दौरान कुएं में तीनों के शव दिखाई दिए। सूचना मिलते ही कटंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकलवाए।
इस घटना के बाद मृतक का सोशल मीडिया स्टेटस भी चर्चा में है। उसने एक दिन पहले लिखा था, “नहीं है जीने की आरजू।” हालांकि परिजनों का कहना है कि श्याम किसी तनाव में नहीं था और परिवार में किसी तरह की आर्थिक परेशानी भी नहीं थी।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।



