बेंगलुरु में दिल दहला देने वाली घटना: पति को फंदे पर देख पत्नी ने 17वीं मंजिल से कूदकर दी जान

बेंगलुरु। कोठनूर इलाके में एक अपार्टमेंट में दर्दनाक घटना घटी, जहां एक टेक प्रोफेशनल महिला ने अपने पति को फंदे पर लटका पाया और कुछ ही मिनटों बाद खुद 17वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
मृतक दंपति की पहचान 32 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर भानु चंद्र रेड्डी और उनकी पत्नी शाजिया सिराज के रूप में हुई है, जो एक आईटी कंपनी में कार्यरत थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब पति ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो महिला को शक हुआ। कई बार आवाज देने के बाद भी जवाब न मिलने पर उसने पड़ोसियों और सुरक्षाकर्मियों की सहायता ली। दरवाजा तोड़ने पर अंदर पति का शव फंदे से लटका मिला।
इस भयावह दृश्य को देखकर महिला गहरे सदमे में आ गई और कुछ ही मिनटों बाद उसने 17वीं मंजिल से छलांग लगा दी। मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना से पूरे अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव, मानसिक दबाव, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और रिश्तों में तनाव जैसे पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के सदस्यों से पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के सटीक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।



