खरगोन में अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में विवाद, पुलिस पर पथराव के बाद भारी सुरक्षा में हुआ क्रिया-कर्म

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में नर्मदा तट के पास अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में हिंसक विवाद और पथराव की घटना सामने आई है। मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के सुलगांव में हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, सुलगांव में नर्मदा किनारे कुछ लोग एक शव का अंतिम संस्कार कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने वहां अंतिम संस्कार करने का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से पथराव होने लगा। घटना की सूचना मिलने पर जब पुलिस बल मौके पर पहुंचा, तो प्रदर्शनकारियों ने उन पर भी पत्थरबाजी कर दी। इस पथराव में पुलिस के जवान, ग्राम चौकीदार और कुछ ग्रामीण घायल हुए हैं।
बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल तीन थानों का अतिरिक्त पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया। मंडलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने खुद कमान संभाली और काफी मशक्कत के बाद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और चश्मदीदों के आधार पर पथराव करने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। तनाव को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।



