रायपुर में विजय दिवस पर साइकिल रैली आयोजित, सशस्त्र बलों को श्रद्धांजलि

रायपुर। 1971 के युद्ध में भारत की विजय एवं सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को याद करते हुए छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा सब एरिया (COSA) ने विजय दिवस साइकिल रैली का आयोजन किया। रैली में सेना के जवानों एवं आम नागरिकों ने मिलकर देशभक्ति, एकता एवं सम्मान का संदेश दिया।
रैली तेलीबांधा से शुरू होकर करीब 50 किलोमीटर का सफर तय करते हुए नया रायपुर के सेंध लेक पर समाप्त हुई। इसमें सब एरिया के जवानों के साथ 50 से अधिक साइकिल प्रेमियों ने भाग लिया, जिनमें पुरुष, महिलाएं एवं युवा शामिल थे।
रैली का मुख्य उद्देश्य देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा नागरिकों में राष्ट्रीय गौरव की भावना मजबूत करना था। सेना एवं नागरिकों की संयुक्त भागीदारी ने देश की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति हर नागरिक की भावना को प्रदर्शित किया।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल से फिटनेस, साइकिल को परिवहन साधन के रूप में अपनाने एवं पर्यावरण जागरूकता का संदेश भी प्रसारित किया गया। यह रैली 1971 की विजय की स्मृति के साथ-साथ देशभक्ति को छोटे प्रयासों से व्यक्त करने का उदाहरण प्रस्तुत करती है।



