कमरे से आई गिरने की आवाज और फिर सन्नाटा: खिड़की से झांका तो फर्श पर पड़ा था अभिषेक का शव, पुलिस ने कमरा किया सील

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक की लाश उसके घर के बंद कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घरघोड़ा के वार्ड नंबर 8 निवासी 20 वर्षीय अभिषेक विश्वकर्मा ने रात में परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसके कमरे से किसी वस्तु के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी। परिजन उसके कमरे के बाहर पहुंचे और आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, फिर भी कोई जवाब नहीं आया। संदेह होने पर खिड़की से अंदर झांककर देखा गया। अंदर अभिषेक खून से लथपथ अवस्था में फर्श पर पड़ा था। कमरे के फर्श और बिस्तर पर खून के छींटे थे।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। रात होने के कारण कमरे को सील कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


