जामनगर: AAP विधायक गोपाल इटालिया पर कांग्रेस कार्यकर्ता ने जूता फेंका, AAP समर्थकों ने पीटा

जामनगर। गुजरात के जामनगर में AAP के ‘गुजरात जोड़ो’ कार्यक्रम के तहत आयोजित जनसभा के दौरान विधायक गोपाल इटालिया पर एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने जूता फेंक दिया। इस घटना से मंच पर हंगामा मच गया तथा AAP कार्यकर्ताओं ने आरोपी पर हमला कर दिया।
विसावदर से AAP विधायक गोपाल इटालिया बाइक रैली के बाद टाउन हॉल में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। तभी कांग्रेस कार्यकर्ता छत्रपालसिंह जडेजा मंच की ओर बढ़ा और इटालिया पर जूता फेंक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना 10-15 मिनट तक चली। AAP कार्यकर्ताओं ने जडेजा को घेर लिया तथा बुरी तरह पीट दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा बीच-बचाव कर स्थिति नियंत्रित की। चोटिल जडेजा को जीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इटालिया ने कहा कि वे आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराना चाहते तथा उसे क्षमा करते हैं।
इस घटना ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया। AAP ने इसे BJP और कांग्रेस की साजिश बताया जबकि कांग्रेस ने इटालिया के पुराने विवादों का हवाला दिया।



