शिक्षा विभाग की योजनाओं और परीक्षाओं पर आज होगी व्यापक समीक्षा बैठक

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में 24 नवंबर 2025 को सुबह 11 बजे स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय महासमुंद में शिक्षा विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी संकुल प्राचार्यों, पीएम प्राचार्यों और सेजेस प्राचार्यों को पूरे एजेंडे की जानकारी के साथ समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिले में आगामी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा तथा हाल ही में आयोजित हुई छमाही परीक्षा के निष्पादन और परिणामों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
प्रारंभिक कक्षाओं में अध्ययनरत बालबाड़ी के बच्चों की यू-डाइस प्रविष्टि, पीएम ई-विद्या के उपयोग को बढ़ावा देने और अपार आईडी निर्माण की प्रगति भी बैठक के प्रमुख बिंदुओं में शामिल है।
इसके अतिरिक्त पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की गुणवत्ता, विद्यालयों में एलपीजी उपयोग को बढ़ाने, शिक्षा का अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन की स्थिति, छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी दिशानिर्देशों के पालन और शाला भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों की स्थिति, नशामुक्ति अभियान की प्रगति, यू-डाइस अपडेशन और विभागीय दायित्वों से जुड़े अन्य विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।



