मुंगेली में सरकारी खजाने में सेंधमारी, 26.87 लाख रुपये की हेराफेरी

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सरकारी खजाने में सेंधमारी का गंभीर मामला सामने आया है। कलेक्ट्रेट के पर्यावरण अधोसंरचना विकास उपकर खाते से लगभग 26.87 लाख रुपये की हेराफेरी की गई है, जिससे जिला प्रशासन और बैंक प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
यह पूरा मामला सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंगेली शाखा से जुड़ा हुआ है। अपर कलेक्टर जीएल यादव द्वारा बैंक को जारी नोटिस के बाद यह तथ्य सामने आया कि खाते से हुए लेन-देन कलेक्ट्रेट कार्यालय द्वारा अधिकृत नहीं थे। बैंक ने स्वीकार किया कि उनके कर्मचारी टिकेश कुमार ने अधिकारियों की गोपनीय आईडी का दुरुपयोग करते हुए आंतरिक वाउचर के जरिए अनधिकृत रूप से राशि निकाली थी।
घटना के बाद बैंक ने गबन की गई पूरी राशि खाते में जमा कर दी है। आरोपी कर्मचारी टिकेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है और रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा आंतरिक जांच शुरू की गई है। हालांकि, जिला प्रशासन बैंक के इस जवाब से संतुष्ट नहीं है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी राशि की सुरक्षा में यह गंभीर लापरवाही है और इसमें बैंक प्रबंधन की भी भूमिका हो सकती है।
फिलहाल मामले में दस्तावेजों की अंतिम जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में बैंक प्रबंधन और संबंधित दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



