कोरबा में सूचना मिलते ही 25 मिनट में रुकवाया गया बाल विवाह, आयोग अध्यक्ष की तत्परता से हुई कार्रवाई

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर कोरबा जिले में बाल विवाह का मामला सामने आते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 25 मिनट के भीतर विवाह रुकवा दिया। मामला 27 नवंबर की रात बालको थाना क्षेत्र के लालघाट का है, जहां एक घर में नाबालिग का विवाह कराए जाने की सूचना मिली थी।
बाल विवाह की शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के माध्यम से और स्थानीय पत्रकारों द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा को फोन पर दी गई थी। सूचना मिलते ही डॉ. शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद चाइल्डलाइन की सेक्टर सुपरवाइजर और पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए विवाह रुकवा दिया। शिकायत मिलने के महज 25 मिनट के भीतर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई पूरी की।
इस संबंध में आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का अनाचार और अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाल विवाह जैसी कुप्रथा से मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। आयोग की ओर से बाल विवाह की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों को इस कुप्रथा से बचाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा बाल विवाह की रोकथाम के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि प्रदेश में कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने अथवा किसी बच्चे के संकट में होने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। समय पर मिली सूचना बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर प्रभावी रोक लगाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।



