ChhattisgarhState

जनदर्शन में CM साय ने सुनीं लोगों की पीड़ा, किसी को इलाज तो किसी को पढ़ाई के लिए मदद का भरोसा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज ‘जनदर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संवेदनशीलता और आत्मीयता से लोगों की समस्याएं सुनकर तत्काल मौके पर ही समाधान की पहल की। आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं हो पाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कैंसर पीड़ित पिता के इलाज में परिवार की जमा पूंजी खत्म हो जाने से पढ़ाई के लिए संघर्ष कर रही जशपुर की फरहीन को उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कई जरूरतमंदों के लिए तत्काल आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित ‘जनदर्शन’ में लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

30 वर्षों बाद साफ सुन सके 83 वर्षीय परसराम

कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड के भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर पिछले 30 वर्षों से कम सुनाई देने की समस्या से जूझ रहे थे। अपने बेटे के साथ ‘जनदर्शन’ में पहुंचे श्री राठौर ने मुख्यमंत्री को बातचीत और रोजमर्रा के कामकाज में आने वाली परेशानियों के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया। बातचीत के दौरान जब उन्हें पता चला कि श्री राठौर को देखने में भी परेशानी है, तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उनकी आंखों की जांच कराकर चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। श्रवण यंत्र मिलने के बाद श्री राठौर वर्षों बाद साफ आवाजें सुन सके। मुख्यमंत्री ने भाटापारा के बलवंत सिंह यादव को भी श्रवण यंत्र प्रदान किया।

पिता के इलाज में खत्म हुई जमा पूंजी, फरहीन को पढ़ाई के लिए मदद का भरोसा

जशपुर से अपनी मां के साथ पहुंची सुश्री फरहीन ने मुख्यमंत्री को परिवार की आर्थिक कठिनाइयों के बारे में बताया। उनके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया। अब परिवार के सामने घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है। ऐसे में फरहीन के लिए अपनी पढ़ाई जारी रखना भी चुनौती बन गया है। मुख्यमंत्री ने उनकी आपबीती आत्मीयता से सुनी और ढांढस बंधाते हुए पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने इसके लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

तीन वर्षीय पार्थ और छह वर्षीय छयांश के इलाज की होगी व्यवस्था

राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि समय से पहले जन्म लेने के कारण पार्थ को करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। तीन साल की उम्र में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है। चिकित्सकों ने उसे मोतियाबिंद की समस्या बताई है और आंखों में लेंस प्रत्यारोपण पर लाखों रुपये का खर्च बताया है। मुख्यमंत्री ने मां की चिंता को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को पार्थ के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग माता हिरकना बाई कोटांगले के साथ छह वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए मदद मांगने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। बड़े बेटे का ऑपरेशन काफी कठिनाइयों के बीच कराया था, जिसके बाद वह अब स्वस्थ है। आर्थिक तंगी के कारण छोटे बेटे का ऑपरेशन नहीं करा पा रहे हैं। पत्नी के निधन के बाद वे अपनी बुजुर्ग माता और बहन के सहयोग से दोनों बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए छयांश के तत्काल उपचार के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि समस्याओं के निराकरण के लिए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे जरूरतमंद नागरिकों को अनावश्यक भटकना न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

Chaiपुर
Show More

desk@NU

News is at the very core of an informed citizen, it builds awareness about the happenings around and such awareness can be crucial in taking decisions on a normal working day. At NATION UPDATE News, We believe that every news starts with a voice, a voice with concern that wants to discuss or criticise what’s happening around. So before becoming news, it first becomes the voice of masses, that’s what news is at NATION UPDATE News.

Related Articles

Back to top button
PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker