ChhattisgarhState

मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में उच्च शिक्षा विभाग के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी, तकनीक आधारित और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप बनाने की दिशा में राज्य शासन द्वारा अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, उच्च शिक्षा मिशन, उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना, रोजगारपरक शिक्षा, इंटर्नशिप नीति, रिक्त पदों पर भर्ती, डिजिटल नवाचार तथा महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अधोसंरचना विकास की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उच्च शिक्षण संस्थानों को ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। जनजातीय एवं दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षा और तकनीकी सुविधाओं का समान अवसर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा को व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना, इंटर्नशिप नीति, अंग्रेजी संप्रेषण कौशल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण तथा डिजिटल सेवाओं का विस्तार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। महाविद्यालयों में रिक्त पदों की पूर्ति और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

30 महाविद्यालयों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में किया जाएगा विकसित

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश के 30 महाविद्यालयों को शिक्षण एवं अनुसंधान के उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित करने के लिए चिन्हांकित किया गया है। इन महाविद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, उन्नत पुस्तकालय, स्मार्ट क्लासरूम सहित आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विद्यार्थियों के कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वर्तमान बजट में आधुनिक उपकरण, मशीन एवं सामग्री तथा सम्मेलन के लिए प्रति महाविद्यालय तीन करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आगामी दो वर्षों में डिजिटलीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए प्रति महाविद्यालय 10 करोड़ रुपये की मांग प्रस्तावित है।

उच्च शिक्षा मिशन के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान

छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मिशन के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। वर्तमान में प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात 24.5 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह 30 प्रतिशत है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप वर्ष 2035 तक इसे 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। मिशन के तहत अध्ययन-अध्यापन, सूचना प्रौद्योगिकी, क्षमता संवर्धन, करियर के अवसरों तथा अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

1.40 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक कार्यानुभव

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार इंटर्नशिप संचालन नीति-2026 को राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इसके अंतर्गत लगभग एक लाख 40 हजार स्नातक विद्यार्थियों को दो क्रेडिट की 60 घंटे की अनिवार्य इंटर्नशिप से जोड़ने की तैयारी है। विद्यार्थियों को उद्योग एवं कॉर्पोरेट संस्थानों, शैक्षणिक परियोजनाओं तथा स्थानीय उद्योगों एवं सामुदायिक संगठनों में इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। इसके लिए विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में इंटर्नशिप सेल गठित किए जा रहे हैं।

जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों में विकसित हो रहा अंग्रेजी संप्रेषण कौशल

प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के 148 शासकीय महाविद्यालयों में 90 घंटे का कम्युनिकेटिव इंग्लिश कोर्स संचालित किया जा रहा है, जिसमें 10 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में अंग्रेजी संवाद, विचार अभिव्यक्ति, व्यावहारिक अंग्रेजी तथा आत्मविश्वास विकसित किया जा रहा है। प्रारंभिक स्तर पर इसके सकारात्मक परिणाम भी परिलक्षित हो रहे हैं।

गूगल के सहयोग से उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का विस्तार

उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के मध्य समझौता किया गया है। प्रथम चरण में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक प्राध्यापकों तथा उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है। आगामी चरण में प्रदेश के शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों के शैक्षणिक स्टाफ के लिए 10 अतिरिक्त निःशुल्क ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाने की योजना है। एआई का उपयोग बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार करने, पाठ योजना, मूल्यांकन, अनुसंधान और प्रशासनिक कार्यों में किया जाएगा।

1295 पदों पर भर्ती की पहल, 362 सहायक प्राध्यापकों को मिली पदोन्नति

प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्राध्यापक के 595 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में प्रक्रियाधीन है। इसके अतिरिक्त 15 विषयों के सहायक प्राध्यापक के 625 पदों, ग्रंथपाल के 50 तथा क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों सहित कुल 700 पदों पर सीधी भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है।
विगत वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रकरणों का निराकरण करते हुए 362 सहायक प्राध्यापकों को पदोन्नत प्राध्यापक के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। दिसंबर माह में 143 पात्र सहायक प्राध्यापकों की पदोन्नति का प्रस्ताव भेजा जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अध्ययन-अध्यापन सुचारू रखने के लिए 3236 अतिथि व्याख्याताओं की व्यवस्था की गई है।

विगत तीन वर्षों में 398 अराजपत्रित कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। प्रयोगशाला तकनीशियन के 260 और प्रयोगशाला परिचारक के 430 पदों सहित कुल 690 पदों पर भर्ती एवं पदस्थापना की गई है। इसके अलावा 48 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।

विश्वविद्यालयों में नए विभागों और पाठ्यक्रमों के संचालन की तैयारी

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर में 23 नवीन विभागों एवं पाठ्यक्रमों की स्थापना के लिए 280 शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए 38.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। इसी प्रकार शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ में 49 नवीन शैक्षणिक पदों तथा संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा में बी.फार्मा एवं एम.फार्मा पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए 49 पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में भी 17 नवीन शैक्षणिक पदों की स्वीकृति का प्रस्ताव है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन से बदल रहा उच्च शिक्षा का स्वरूप

प्रदेश में जुलाई 2024 से प्रमुख स्नातक पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है। इसके तहत सेमेस्टर एवं क्रेडिट आधारित व्यवस्था, बहुप्रवेश-बहुनिर्गम प्रणाली तथा सतत आंतरिक मूल्यांकन को अपनाया गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम का पांचवां सेमेस्टर प्रारंभ किया गया है। एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम का अध्यादेश अनुमोदन के बाद प्रदेश के विश्वविद्यालयों में लागू किया गया है। पाठ्यक्रमों के अद्यतीकरण के लिए 37 विषयों में केंद्रीय अध्ययन मंडलों का पुनर्गठन किया गया है।

पीएम उषा और रूसा से उच्च शिक्षण संस्थानों का हो रहा सुदृढ़ीकरण

बैठक में प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम उषा) तथा राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पीएम उषा के तहत प्रदेश में 21 परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें से 16 परियोजनाओं पर कार्य प्रगतिरत है। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर को बहुविषयक शिक्षा एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है। रूसा 1.0 एवं 2.0 की समस्त परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।

पांचवें राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की अनुशंसाओं के क्रियान्वयन के लिए उच्च शिक्षा विभाग को प्राप्त 28 बिंदुओं में से 20 पर कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। शेष प्रस्तावित पहलों के क्रियान्वयन के लिए लगभग 147.25 करोड़ रुपये की वित्तीय आवश्यकता का आकलन किया गया है।

एकीकृत प्रवेश पोर्टल और ई-ज्ञानार्जन से विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा

प्रदेश में उच्च शिक्षा से संबंधित सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य स्तरीय एकीकृत प्रवेश पोर्टल विकसित करने की पहल की गई है, जिससे विद्यार्थियों को अलग-अलग विश्वविद्यालयों के पोर्टल पर आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। ई-ज्ञानार्जन मोबाइल ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके साथ ही डिजिलॉकर, आधार आधारित प्रमाणीकरण, व्हाट्सएप आधारित विभागीय सूचना प्रणाली तथा एचई-ऑनलाइन पोर्टल के उन्नयन का कार्य किया जा रहा है। विश्वविद्यालयों एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के बाद अब शासकीय महाविद्यालयों में भी ई-ऑफिस व्यवस्था लागू की गई है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली अधिक सुगम, पारदर्शी और पेपरलेस बनेगी।

प्रदेश में वर्तमान में 348 शासकीय एवं 329 निजी महाविद्यालय तथा नौ राजकीय एवं 20 निजी विश्वविद्यालय संचालित हैं। इन संस्थानों के माध्यम से उच्च शिक्षा की पहुंच और गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव उच्च शिक्षा अविनाश चंपावत, आयुक्त उच्च शिक्षा रीता यादव सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

Chaiपुर
Show More

desk@NU

News is at the very core of an informed citizen, it builds awareness about the happenings around and such awareness can be crucial in taking decisions on a normal working day. At NATION UPDATE News, We believe that every news starts with a voice, a voice with concern that wants to discuss or criticise what’s happening around. So before becoming news, it first becomes the voice of masses, that’s what news is at NATION UPDATE News.

Related Articles

Back to top button
PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker