संतान का सुख दिलाने का झांसा देकर महिला के गहने ठगे, दो आरोपी गिरफ्तार

अंतागढ़। संतान प्राप्ति की दवाई देने का झांसा देकर महिला से सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल ठगने वाले दो आरोपियों को भानुप्रतापपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने पहले महिला से दवाई के नाम पर ऑनलाइन पैसे लिए और फिर पूजा-पाठ व कथित सम्मोहन का सहारा लेकर उसके गहने उतरवा लिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान जोत कुमार ठाकुर (24), निवासी टेड़ेसरा और गोकुल (27), निवासी डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों आरोपी 27 सितंबर को महिला के घर पहुंचे थे। उन्होंने संतान प्राप्ति की दवाई देने की बात कहकर महिला से ऑनलाइन माध्यम से 3,700 रुपये ले लिए।
इसके बाद 30 सितंबर को आरोपी दोबारा महिला के घर पहुंचे। इस बार उन्होंने पूजा-पाठ और कथित सम्मोहन के नाम पर महिला को अपने झांसे में लिया। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने महिला से सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है, और लगभग 6 हजार रुपये कीमत की चांदी की पायल उतरवा ली। गहने लेने के बाद आरोपियों ने महिला को किसी को भी घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देशन में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार सोने के लॉकेट, घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।



