दीपावली पर ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों के बीच पहुंचे मंत्री गजेन्द्र यादव, मिठाई और उपहार भेंटकर साझा की त्योहार की खुशियां

रायपुर। दीपावली के पर्व पर जहां हर कोई अपने परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मना रहा है, वहीं प्रदेश की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिस एवं यातायात पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। इन जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने के लिए प्रदेश के मंत्री गजेन्द्र यादव ने अनूठी पहल की।

आज रायपुर से दुर्ग जाते समय मंत्री गजेन्द्र यादव ने रास्ते में अलग-अलग चौक-चौराहों पर अपना काफिला रुकवाया और वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं यातायात पुलिस के जवानों के बीच पहुंच गए। उन्होंने जवानों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई और उपहार भेंट किए तथा उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
मंत्री को अचानक अपने बीच पाकर जवान भी अभिभूत नजर आए। मंत्री यादव ने जवानों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं सेवाभाव की सराहना की।
इस अवसर पर यादव ने कहा कि त्योहारों के दौरान जब हम अपने परिवार के साथ खुशियां मनाते हैं, तब हमारे पुलिस के जवान अपनी खुशियों और परिवार से समय निकालकर प्रदेशवासियों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। उनकी यह सेवा और समर्पण समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जवानों का सम्मान करना और उनके साथ त्योहार की खुशियां बांटना हम सभी का दायित्व है।



