खड़गे के बयान के विरोध में उतरी भाजयुमो, आजाद चौक में किया पुतला दहन

रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पीएम मोदी के दिवंगत पिता को लेकर दिए गए कथित अपमानजनक बयान पर छत्तीसगढ़ की सियासत भी गरमा गई है. बीजेपी युवा मोर्चा ने राजधानी रायपुर के आजाद चौक में सोमवार को खिलाफ प्रदर्शन करते हुए खड़गे का पुतला फूंका. इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.
दरअसल, यह विवाद पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था. कार्यक्रम के दौरान एक मौजूदा व्यक्ति ने मंच पर खड़े मल्लिकाअर्जुन खड़गे को टोक दिया था. उसने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इसके जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष ने कथित रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया.
इस मामले में छत्तीसगढ़ भाजपा ने सोशल मीडिया पोस्ट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि जितनी ज्यादा गालियां मोदी जी को दोगे, कमल का फूल उतना ही बड़ा होकर और खिलकर आसमान तक पहुंचेगा. सासंद संतोष पांडे ने विरोध जताते हुए कहा कि पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना गलत है. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुएं में भांग है, सब कांग्रेसी नशे में है.



