रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, आरक्षण और दलितों के मुद्दे पर कांग्रेस पर साधा निशाना

रायपुर। देशभर में आरक्षण व्यवस्था को लेकर बहस और विरोध-प्रदर्शन के बीच केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने बड़ा बयान दिया है। छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे आठवले ने कहा कि यदि देश से जातिवाद पूरी तरह खत्म हो जाता है, तो वह आरक्षण छोड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब तक जातिवाद खत्म नहीं होता, तब तक आरक्षण व्यवस्था जारी रहनी चाहिए।
आज भी दलितों-आदिवासियों पर होते हैं अत्याचार
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने आरक्षण का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में जाति के आधार पर आरक्षण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 17 के तहत अस्पृश्यता को समाप्त किया गया है, लेकिन इसके बावजूद आज भी दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार की घटनाएं सामने आती हैं।
आठवले ने कहा कि जब तक देश में जातिवाद मौजूद है, तब तक आरक्षण की जरूरत बनी रहेगी। उन्होंने आरक्षण का विरोध नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि यदि जातिवाद पूरी तरह समाप्त हो जाता है, तो आरक्षण की आवश्यकता भी नहीं रहेगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने दलितों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब केवल टिप्पणी करने का काम रह गया है। देश का विकास विपक्ष नहीं कर सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और केंद्र सरकार दलितों की सेवा करने के साथ उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत है।
रायपुर और बिलासपुर में कार्यक्रम
रामदास आठवले ने अपने छत्तीसगढ़ दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर और बिलासपुर में उनके विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित हैं। रायपुर में नगर निगम के अधिकारियों के साथ सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को लेकर बैठक होगी। इस दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ उनके क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी भी ली जाएगी।



