5% ब्याज और पैसा दोगुना करने का लालच देकर 500 लोगों से 70 करोड़ की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से करोड़ों रुपये की निवेश धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में निवेश के नाम पर करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने कंपनी में पैसा निवेश करने पर 5 प्रतिशत ब्याज (कमीशन) देने और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाया था। मामले में अंतागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने ऐसे लोगों को जाल में फंसाया
पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के संचालकों ने लोगों को निवेश पर 5 प्रतिशत ब्याज (कमीशन) देने और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। इसके बाद कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों से कंपनी में निवेश कराया गया। आरोप है कि पीड़ितों में सरकारी कर्मचारी और अन्य लोग शामिल हैं। उन्हें अलग-अलग बैंकों से लोन लेने के लिए प्रेरित किया गया और लोन से प्राप्त पूरी राशि कंपनी में निवेश कराई गई।
शुरुआत में आरोपियों ने कुछ किश्तों का भुगतान किया, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने भुगतान करना बंद कर दिया और लोगों की जमा राशि लेकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संतोष सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस ने जांच शुरू की।
साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
अंतागढ़ पुलिस और साइबर सेल कांकेर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी दयाशंकर साहू को ग्राम ढेलका, साजा, जिला बेमेतरा से और नितिन निर्मलकर को रायपुर से पकड़ा गया। पूछताछ और विवेचना के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
70 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, मामले में अंतागढ़ थाना में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 420, 120(बी), 112 और 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस मामले में धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी-
दयाशंकर साहू(45 वर्ष) निवासी बंदरचुआ, थाना ढोकड़ा, जिला जशपुर। वर्तमान पता—भिलाई सेक्टर-9, हुडको, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।
नितिन निर्मलकर (26 वर्ष) निवासी गधियापारा, सिरसाकला, पोस्ट सिरसाकला, थाना भिलाई, जिला दुर्ग। वर्तमान पता—मटपारा, बजरंग चौक, रायपुर, थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर।
पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अधिक मुनाफा, कम समय में पैसा दोगुना करने या निवेश पर असामान्य ब्याज देने वाले किसी भी ऑफर के झांसे में न आएं। किसी कंपनी या व्यक्ति के पास पैसा निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और वैधानिकता की जांच जरूर करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आर्थिक धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कांकेर पुलिस द्वारा आर्थिक अपराध संबंधी सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 संचालित किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



