रीवा पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव: बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन, कपड़ा और शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने के निर्देश

रीवा। दिल्ली प्रवास से सीधे रीवा पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा और सतना जिले में भारी बारिश तथा उफनती नदियों से निर्मित बाढ़ की गंभीर स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में जनहानि या पशुहानि न हो और प्रभावितों को भोजन, वस्त्र, चिकित्सा सुविधा तथा शुद्ध पेयजल की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
700 लोगों का रेस्क्यू, 10 स्थानों पर बनाए गए राहत शिविर
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि सतना और चित्रकूट क्षेत्र में सेमरावल नदी के उफान पर होने और लगातार बारिश के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रशासन और SDRF की सक्रियता से अब तक लगभग 700 लोगों को सुरक्षित निकालकर 10 अलग-अलग आश्रय स्थलों में पहुंचाया गया है। बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए नावों के साथ-साथ हेलीकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों का करेंगे दौरा
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में फंसे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, परिजनों से उनका संपर्क कराने और प्रभावितों को आरबीसी 6/4 (RBC 6/4) के तहत तत्काल आर्थिक मुआवजा देने के लिए नुकसान का सर्वे शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री रविवार को स्वयं बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।



