ई-ऑफिस और समयबद्ध उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित, मुख्य सचिव ने जिलों में भी हर माह सम्मान कार्यक्रम के दिए निर्देश

रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में सोमवार को आयोजित मासिक सम्मान कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील ने ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों त्वरित एवं प्रभावी निराकरण तथा समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को जून माह के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंत्रालय के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ सभी विभागाध्यक्ष और प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मंत्रालय की तर्ज पर अब विभागाध्यक्ष कार्यालयों और जिला स्तर पर भी प्रत्येक माह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाए। उन्होंने ई-एचआरएमएस (e-HRMS), स्पैरो (SPARROW) और ई-ऑफिस प्रणाली में सभी अधिकारी-कर्मचारियों की शत-प्रतिशत डिजिटल ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2025-26 के वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (ACR) ऑनलाइन भरने और आधार-सक्षम बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति दर्ज कराने पर भी जोर दिया।
मुख्य सचिव ने बताया कि अगले माह से ई-ऑफिस में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विभागाध्यक्ष कार्यालय और सर्वश्रेष्ठ जिला कार्यालय को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 तक के प्रदर्शन का संचयी मूल्यांकन कर विभागों और जिलों की रैंकिंग जारी की जाएगी।
सम्मान समारोह में विभागीय श्रेणी में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को प्रथम, गृह विभाग को द्वितीय और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया।
अधिकारी श्रेणी में संयुक्त सचिव वर्ग में आदिम जाति विकास विभाग के भूपेन्द्र कुमार राजपूत प्रथम, अनुपम त्रिवेदी द्वितीय और सच्चिदानंद आलोक तृतीय रहे। उप सचिव वर्ग में दूरदेशी राम सोन्टापर प्रथम, शिव कुमार सिंह द्वितीय और किशोर कुमार भूआर्य तृतीय स्थान पर रहे।
अवर सचिव श्रेणी में पूरन लाल साहू, अनुभाग अधिकारी श्रेणी में नंद कुमार मेश्राम तथा सहायक अनुभाग अधिकारी श्रेणी में आलोक जोशी को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ सचिवालय सहायक वर्ग में ललिता राय, कनिष्ठ सचिवालय सहायक वर्ग में उमेश यादव तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर श्रेणी में अभिषेक दास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा समयबद्ध कार्यालयीन उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उप सचिव क्लेमेनटिना लकड़ा, अवर सचिव दिव्या वैष्णव सहित 21 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।



