भानपुरी में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया नए स्कूल भवन का लोकार्पण

रायपुर। बस्तर जिले के भानपुरी में बुधवार को शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सांसद महेश कश्यप भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। बच्चों को स्कूल बैग और अन्य शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शिक्षा एक विकसित और मजबूत समाज की आधारशिला है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना और विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने तथा आधुनिक शिक्षा और तकनीक का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर ग्राम बनियागांव में 1 करोड़ 12 लाख 80 हजार रुपये की लागत से निर्मित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण भी किया गया। नए भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यालयों को स्मार्ट टीवी प्रदान किए गए। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम के अंत में वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने बच्चों के साथ सहभोज किया और उनसे आत्मीय बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। शाला प्रवेश उत्सव ने क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह का नया संदेश दिया।



