बिलासपुर सेंट्रल जेल में हादसा, नहाते समय फिसलकर गिरे आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी की मौत

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर केंद्रीय जेल में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान फिसलकर गिरने से एक बंदी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान सिम्स अस्पताल में मौत हो गई।
मृतक की पहचान तखतपुर निवासी जनकराम साहू (62 वर्ष) के रूप में हुई है। वह हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और बिलासपुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध था।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह जनकराम जेल परिसर में स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गिरकर पत्थर से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद जेल प्रबंधन ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल अधीक्षक के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि बंदी के गिरने की वजह स्नान स्थल पर काई जमने से हुई फिसलन थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। मामले की जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।



