दुर्ग में सनसनी: सेलुद गांव के पूर्व उपसरपंच ने लगाई फांसी, तालाब के पास पेड़ पर लटका मिला शव
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां उतई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेलुद गांव के पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और गांव के लोग हैरान हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने देखा शव
जानकारी के मुताबिक, रोज की तरह आज सुबह भी ग्रामीण चारबांधा तालाब के पास घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान तालाब के पास बने मंदिर परिसर में एक पेड़ पर रस्सी के फंदे से तारेंद्र बंछोर का शव लटका हुआ दिखाई दिया। सुबह-सुबह यह नजारा देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी उतई थाना पुलिस को दी।
लंबे समय से बीमारी से थे परेशान
गांव वालों से खबर मिलते ही उतई पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि तारेंद्र बंछोर पिछले काफी समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बीमारी के चलते वे कई महीनों तक अस्पताल में भी भर्ती रहे और कुछ दिन पहले ही ठीक होकर अपने घर लौटे थे।
परिजनों से पूछताछ कर रही पुलिस
माना जा रहा है कि बीमारी की वजह से वे मानसिक तनाव में थे, जिसके चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने पूर्व उपसरपंच के परिवार वालों को इस हादसे की जानकारी दे दी है। पुलिस मर्ग कायम कर हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।



