NEET UG Re Exam 2026: पेपर लीक की अफवाहें रोकने के लिए भारत में टेलीग्राम पर लगी अस्थाई रोक

नीट यूजी की दोबारा होने वाली परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने एक बेहद बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। सरकार ने पूरे देश में मशहूर मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के इस्तेमाल पर अस्थाई रोक लगा दी है। यह पाबंदी 21 जून को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर लगाई गई है, जो 22 जून तक जारी रहेगी।

क्यों लिया गया इतना बड़ा फैसला
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने साफ किया है कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने आईटी एक्ट की धारा 69 ए के तहत यह आदेश जारी किया है। सरकार का मकसद परीक्षा के दौरान और उसके ठीक बाद किसी भी तरह की गड़बड़ी या सोशल मीडिया पर पेपर लीक के झूठे दावों को रोकना है। इसलिए परीक्षा के दिन और उसके अगले दिन तक भारत में टेलीग्राम का एक्सेस बंद रहेगा।
मैसेज एडिटिंग फीचर पर भी 30 जून तक पाबंदी
सरकार ने सिर्फ ऐप को ही बंद नहीं किया है, बल्कि टेलीग्राम कंपनी को एक खास निर्देश भी दिया है। भारत में पहले से पोस्ट किए गए मैसेज को बदलने या सुधारने वाले ‘मैसेज एडिटिंग’ फीचर को 30 जून 2026 तक ब्लॉक कर दिया गया है।
अक्सर देखा गया है कि कुछ शरारती तत्व परीक्षा खत्म होने के बाद पुराने मैसेज को एडिट करके उसमें असली पेपर के सवाल डाल देते थे। चूंकि मैसेज का पुराना समय यानी टाइमस्टैम्प नहीं बदलता था, इसलिए ऐसा लगता था कि पेपर परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था। इसी फर्जीवाड़े और अफवाहों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
NTA ने छात्रों से की यह खास अपील
जांच एजेंसी ने माना कि इस पाबंदी से टेलीग्राम चलाने वाले आम लोगों और छात्रों को थोड़ी परेशानी जरूर होगी, लेकिन परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए यह बहुत जरूरी था। एनटीए ने साफ कर दिया है कि नीट यूजी की दोबारा परीक्षा अपने तय समय यानी 21 जून को ही होगी। इसके साथ ही छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें।



