कांकेर में नक्सलियों की साजिश नाकाम, जंगल में मिला 5 किलो का कुकर बम, सुरक्षाबलों ने किया निष्क्रिय

कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया। जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने 5 किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी (Improvised Explosive Device) बरामद किया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर इसे सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टेकमीटोला के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में जिला पुलिस, बीएसएफ (BSF) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जांच करने पर पता चला कि यह 5 किलो का प्रेशर कुकर बम है, जिसे नुकसान पहुंचाने की नीयत से लगाया गया था।
आईईडी मिलने के बाद क्षेत्र को तत्काल सुरक्षित किया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई। BDS टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी सावधानी के साथ विस्फोटक की जांच की और नियंत्रित विस्फोट के जरिए उसे निष्क्रिय कर दिया। इस कार्रवाई से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि यदि यह विस्फोटक समय पर नहीं मिलता तो सर्चिंग अभियान पर निकले जवानों या स्थानीय लोगों के लिए बड़ा खतरा बन सकता था। जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित हादसा टल गया।
कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों की सक्रिय मौजूदगी के चलते नक्सली गतिविधियों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। इसी कारण ऐसे इलाकों में सघन सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे। सुरक्षाबल हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं और आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।


