सुशासन तिहार 2026: मुख्यमंत्री साय की दो जिलों पर सख्त समीक्षा, अफसरों को दिए समयबद्ध समाधान और योजनाओं में तेजी के निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सुशासन तिहार 2026 के तहत बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में दोनों जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविरों और चौपालों के दौरान उन्हें सीधे लोगों से संवाद करने और योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने का अवसर मिला। उन्होंने अधिकारियों की मेहनत की सराहना करते हुए जनसेवा के प्रति इसी समर्पण को बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में राजस्व मामलों की विशेष समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नक्शा सुधार से जुड़े लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। साथ ही मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना और राजस्व अभिलेखों के अद्यतन कार्यों में भी तेजी लाने को कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बारिश शुरू होने से पहले अधिकतम स्वीकृत आवासों का निर्माण पूरा किया जाए। उन्होंने मेसन प्रशिक्षण कार्यक्रम को बढ़ावा देने और निर्माण कार्यों में गति लाने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक प्रदेश में 5 लाख सोलर प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और अधिक से अधिक परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
खरीफ सीजन की तैयारियों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को खाद और बीज की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पात्र किसानों को लाभ दिलाने और एग्रीस्टैक पंजीयन कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।



