कोलकाता में TMC नेता जहांगीर खान गिरफ्तार, नेपाल से STF ने दबोचा; चुनाव के दौरान बयानों को लेकर रहे थे चर्चा में

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता जहांगीर खान को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नेपाल से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पश्चिम बंगाल लाया जा रहा है। मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक जहांगीर खान फालता विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। चुनाव के दौरान उनके कई बयान विवादों में रहे थे। खासकर यूपी के चर्चित आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा के साथ उनकी जुबानी जंग काफी सुर्खियों में रही थी। उस दौरान जहांगीर खान ने खुद की तुलना फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार से करते हुए कहा था कि वह “झुकेंगे नहीं”, जिसके बाद उनका बयान सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।
कलकत्ता हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत
बीते दिनों कलकत्ता हाई कोर्ट ने जहांगीर खान को बड़ा झटका दिया था। अदालत ने उनकी अंतरिम सुरक्षा बढ़ाने की मांग को खारिज कर दिया था। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की संभावना और बढ़ गई थी।
चुनाव परिणाम के बाद दर्ज हुए थे कई केस
बताया जा रहा है कि 4 मई को चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद पुलिस ने जहांगीर खान के खिलाफ पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए थे। इन मामलों की जांच के दौरान वह पुलिस की पहुंच से बाहर थे। आखिरकार STF ने उन्हें नेपाल से गिरफ्तार कर लिया।
जांच एजेंसियां अब उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। फिलहाल मामले पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



