भूतहिया नाला के पास मिला खून से लथपथ शव, हत्या की आशंका; पहचान में जुटी पुलिस

मनेन्द्रगढ़। जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ से करीब 120 किलोमीटर दूर भूतहिया नाला के पास एक अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में चर्चा फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार मामला जनकपुर थाना अंतर्गत कुंआरपुर चौकी क्षेत्र का है। ग्रामीणों ने नाले के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से एक टोपी, जूता और इलेक्ट्रिक तार भी बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि मृतक के दाहिने हाथ पर “दीपक” नाम का टैटू बना हुआ मिला है। पुलिस इसी आधार पर उसकी शिनाख्त की कोशिश कर रही है।
ग्राम पंचायत के सरपंच ने सबसे पहले पुलिस को शव मिलने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू की। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक स्थानीय है या किसी दूसरे इलाके का रहने वाला था।
फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। आसपास के गांवों और थानों से भी गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल अज्ञात शव मिलने और हत्या की आशंका को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।



