कोरिया में देर रात सिलेंडर ब्लास्ट, एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर की दर्दनाक मौत, कॉलोनी में मचा हड़कंप

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। एसईसीएल चरचा कॉलरी क्षेत्र के चाइना ब्लॉक स्थित एक क्वार्टर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 11:30 बजे की है। अचानक हुए तेज धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया गया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह गैस सिलेंडर ब्लास्ट बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
फोरेंसिक और तकनीकी टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। विशेषज्ञ टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर विस्फोट के कारणों की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन को विभाग का अनुभवी अधिकारी माना जाता था। उनके निधन की खबर मिलते ही एसईसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों ने उन्हें एक कुशल और समर्पित अधिकारी बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।
इस हादसे के बाद चरचा कॉलरी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और गैस सिलेंडर उपयोग को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



