पीएम सूर्यघर योजना से रायगढ़ बना छत्तीसगढ़ का मॉडल जिला, 2705 परिवार हुए बिजली बिल से मुक्त

रायगढ़/रायपुर, 6 जून 2026। प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा क्रांति तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रहे जनजागरूकता अभियान का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिला पूरे प्रदेश में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल हो गया है।

जिले में अब तक 2,705 परिवारों के घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। इससे हजारों परिवार ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने हैं और उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है।
हर महीने 13.80 लाख यूनिट हरित बिजली का उत्पादन
रायगढ़ जिले में लगाए गए सोलर संयंत्रों की कुल क्षमता 11,504 किलोवाट से अधिक है। इन संयंत्रों से प्रतिदिन करीब 46 हजार यूनिट और हर महीने लगभग 13.80 लाख यूनिट ग्रीन एनर्जी का उत्पादन हो रहा है। इससे पारंपरिक बिजली स्रोतों पर निर्भरता कम हुई है और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिला है।
योजना को मिल रहा लोगों का भरोसा
योजना के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। जिले में अब तक 6,701 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। केवल मई महीने में 912 नए आवेदन मिले, जिनमें से 411 घरों में सोलर प्लांट स्थापित भी किए जा चुके हैं। हर सप्ताह औसतन 228 नए आवेदन मिल रहे हैं, जबकि 100 से अधिक घरों में नियमित रूप से सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं।
गर्मी में बिजली बिल से राहत
भीषण गर्मी के दौरान एसी, कूलर और अन्य उपकरणों के अधिक उपयोग से बिजली बिल बढ़ जाता है। ऐसे समय में पीएम सूर्यघर योजना से जुड़े परिवार अपनी जरूरत की अधिकांश बिजली स्वयं तैयार कर रहे हैं। इससे मासिक बिजली खर्च में बड़ी बचत हो रही है।
1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी
विद्युत विभाग के अनुसार पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा सोलर प्लांट लगाने के लिए बैंकों के माध्यम से आसान ऋण सुविधा भी दी जा रही है।
सोलर प्लांट से कितनी बिजली बनती है?
- 1 किलोवाट सोलर प्लांट से लगभग 120 यूनिट बिजली प्रति माह
- 2 किलोवाट सोलर प्लांट से लगभग 240 यूनिट बिजली प्रति माह
- 3 किलोवाट सोलर प्लांट से लगभग 360 यूनिट बिजली प्रति माह
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन
योजना में आवेदन की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रखी गई है। इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्यघर पोर्टल, मोबाइल ऐप, सीएसपीडीसीएल की डिजिटल सेवाओं या टोल फ्री नंबर 1912 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उपभोक्ता अपनी पसंद के अधिकृत वेंडर का चयन भी कर सकते हैं।
सौर ऊर्जा का यह बढ़ता अभियान रायगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को स्वच्छ, हरित और ऊर्जा आत्मनिर्भर भविष्य की ओर ले जा रहा है। यह योजना आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रही है।



