किसान बनकर पहुंचे कृषि अधिकारी, खाद की कालाबाजारी का किया भंडाफोड़, 74 बोरी खाद जब्त

रायगढ़, 6 जून 2026। खरीफ सीजन से पहले किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए रायगढ़ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लैलूंगा विकासखंड में कृषि विभाग ने खाद की कालाबाजारी का खुलासा करते हुए एक खाद व्यापारी के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। जांच के दौरान 74 बोरी खाद जब्त की गई और गोदाम को सील कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार कृषि विभाग को खाद की अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत की पुष्टि के लिए उप संचालक कृषि स्वयं किसान के वेश में खाद दुकान पहुंचे और खाद खरीदने का प्रयास किया। जांच में सामने आया कि सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) खाद की एक बोरी, जिसकी वास्तविक कीमत करीब 750 रुपये है, उसे किसानों को 1800 रुपये में बेचा जा रहा था।
जांच में शिकायत सही मिलने के बाद प्रशासन ने लैलूंगा स्थित मां दुर्गा ट्रेडर्स के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की। दुकान के गोदाम को सील कर दिया गया और मौके से 74 बोरी खाद जब्त की गई। साथ ही खाद बिक्री पर 10 दिनों का प्रतिबंध लगाया गया है। संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब भी तलब किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीफ सीजन के दौरान खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री की उपलब्धता तथा मूल्य की लगातार निगरानी की जाए। कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक मूल्य वसूली करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा। उर्वरक निरीक्षक पवन उरांव और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी फुलेश्वर पैकरा सहित विभागीय टीम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि यदि कहीं खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत कृषि विभाग या जिला प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।



