कोरबा में खनिज उड़नदस्ता दल की बड़ी कार्रवाई, 15 जगह छापेमारी में 14 वाहन जब्त

कोरबा/रायपुर, 6 जून 2026। छत्तीसगढ़ में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में कोरबा जिले में विशेष खनिज उड़नदस्ता दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे 14 वाहन एवं मशीनें जब्त की गईं।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक (खनि प्रशासन) के मार्गदर्शन में गठित दो विशेष टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की। जांच दल ने सीतामढ़ी, कपाटमुड़ा, सुराकछार, नरईबोध, रैंकी, कुदुरमाल, बरमपुर, बांकीमोंगरा, सुमेधा, कुमगरी, घनाकछार, कटघोरा, कछार, दर्री और धवईपुर क्षेत्रों में निरीक्षण किया।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर कुल 14 वाहन और मशीनें जब्त की गईं। इनमें एक पोकलेन मशीन (चेन माउंटेड), 9 ट्रैक्टर, 2 हाइवा और 2 टिप्पर वाहन शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी वाहन अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन में उपयोग किए जा रहे थे।
जब्त वाहनों को नियमानुसार कार्रवाई के लिए विभिन्न थानों और जांच चौकियों की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। इनमें कुसमुंडा, हरदीबाजार, दर्री और बांकीमोंगरा थाना समेत उरगा स्थित खनिज जांच नाका शामिल है।
खनिज विभाग के अनुसार संबंधित वाहन मालिकों और आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और शासकीय राजस्व की चोरी रोकना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.



