गरियाबंद पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाया पीपल का पौधा

गरियाबंद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुशासन तिहार के तहत आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होने गरियाबंद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्ष ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी मां के सम्मान में पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी देशभर में यह अभियान उत्साह के साथ चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी इसके तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वृक्षारोपण से आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



