महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी, 68.54 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 642 करोड़ रुपये

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 68 लाख 54 हजार से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ 27 लाख 77 हजार 950 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी को भी बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज का विकास तब तक अधूरा है, जब तक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और सामाजिक रूप से सम्मानित नहीं होतीं। महतारी वंदन योजना इसी सोच को मजबूत करने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
राज्य सरकार के अनुसार महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, पोषण, घरेलू जरूरतों और छोटे स्वरोजगार कार्यों में कर रही हैं। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और महिलाओं का निर्णय लेने में योगदान भी बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्च 2024 में योजना शुरू होने के बाद से अब तक महिलाओं को 18 हजार 165 करोड़ 19 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि दी जा चुकी है। यह प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से नियद नेल्लानार अभियान के तहत सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की 7 हजार 770 नई महिलाओं को भी महतारी वंदन योजना से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना अब केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा का प्रतीक बन चुकी है। इससे लाखों परिवारों के जीवन में आर्थिक स्थिरता और खुशहाली का नया अध्याय जुड़ा है।



