फाजिलनगर का नाम बदलेगा, अब पावागढ़ के नाम से होगी पहचान; कुशीनगर दौरे पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान

: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर दौरे के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि फाजिलनगर का नया नाम अब पावागढ़ होगा। यह घोषणा उन्होंने जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की।
सीएम योगी ने कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि भगवान राम के पुत्र कुश, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर से जुड़ी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फाजिलनगर के लोगों की लंबे समय से यह मांग थी। स्थानीय विधायक ने भी इस मांग को प्रमुखता से उठाया था। सरकार ने जनता की भावना का सम्मान करते हुए फाजिलनगर को पावागढ़ के रूप में मान्यता देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह नाम भगवान महावीर की स्मृतियों से जुड़ा रहेगा।
विकास कार्यों की दी सौगात
कुशीनगर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से जिले में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में जिले के करीब 90 हजार गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
अपने संबोधन में सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश पहचान और सुरक्षा के संकट से जूझ रहा था। माफियाओं और अपराधियों का प्रभाव बढ़ गया था। किसान, व्यापारी और युवा सभी परेशान थे।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध और माफिया नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की गई है। अब उत्तर प्रदेश विकास, निवेश और पर्यटन के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।
फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ किए जाने की घोषणा के बाद क्षेत्र में इस फैसले को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।



