बड़ेकनेरा का ‘सेवा सेतु’ मॉडल बना मिसाल, गांव में ही मिल रहीं डिजिटल और सरकारी सेवाएं

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण क्षेत्रों तक डिजिटल सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में बड़ेकनेरा गांव एक नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया और यहां संचालित ‘सेवा सेतु’ मॉडल की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर योजनाओं और डिजिटल सेवाओं के प्रभाव की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं के लिए शहरों और दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। योजनाओं और सेवाओं का लाभ गांव में ही सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र इसी सोच को जमीन पर उतार रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कई हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है। ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि इन योजनाओं से घरेलू जरूरतें पूरी करने और आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिली है।
एक ही केंद्र में मिल रही कई सुविधाएं
अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में ग्रामीणों को आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु पंजीयन, विवाह पंजीयन और भवन निर्माण अनुमति जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा बैंकिंग, फंड ट्रांसफर, पेंशन, बीमा, पैन कार्ड, पासपोर्ट आवेदन, बिजली बिल भुगतान, ट्रेन-बस टिकट बुकिंग और विभिन्न सरकारी योजनाओं का ऑनलाइन पंजीयन भी यहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब छोटी-छोटी सेवाओं के लिए जिला मुख्यालय या ब्लॉक कार्यालय नहीं जाना पड़ता। इससे समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है।
हर महीने लाखों का डिजिटल ट्रांजेक्शन
केंद्र में सेवा सेतु मैनेजर के रूप में कार्यरत संजय मिश्रा ने बताया कि यहां हर महीने करीब 15 से 20 लाख रुपये का Digital Transaction होता है। इस पहल से गांव में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं और स्थानीय युवाओं को काम मिला है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस का असली उद्देश्य लोगों तक सुविधाएं पहुंचाना है। बड़ेकनेरा का मॉडल दिखाता है कि तकनीक के जरिए गांवों में भी बेहतर और पारदर्शी प्रशासन संभव है।
ग्रामीणों का मानना है कि ‘गांव के द्वार, डिजिटल सरकार’ का सपना अब हकीकत बनता दिखाई दे रहा है। बड़ेकनेरा का सेवा सेतु मॉडल अब ग्रामीण डिजिटल सशक्तिकरण और सुशासन की नई मिसाल बनकर उभर रहा है।


