Raipur Businessman Death in Portugal: रायपुर के कारोबारी अजय निहलानी का पुर्तगाल में हार्ट अटैक से निधन, शव भारत लाने के लिए पीएमओ से गुहार

Raipur Trader Ajay Nihlani Passes Away: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के व्यापारिक जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। रायपुर के जाने-माने कारोबारी अजय सुंदर निहलानी (49 वर्ष) का पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन (Lisbon, Portugal) में अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया है। इस खबर के बाद से रायपुर में उनके परिवार और परिचितों के बीच मातम पसरा हुआ है। जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद उनके पार्थिव शरीर को रायपुर लाया जाएगा।
40 लोगों के साथ यूरोप गए थे एजुकेशनल टूर पर
मिली जानकारी के मुताबिक, सराफा और कपड़ा कारोबार से जुड़े अजय सुंदर निहलानी भारत के एक 40 सदस्यीय दल के साथ एजुकेशनल टूर (Educational Tour to Europe) पर यूरोप यात्रा पर गए थे। इस पूरे ग्रुप में रायपुर से केवल 2 लोग ही शामिल थे। सफर के दौरान लिस्बन में अचानक अजय निहलानी की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें बिना वक्त गंवाए वहां के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
साथी नीरज बाजपेयी पुर्तगाल में पूरी कर रहे हैं कागजी कार्रवाई
अजय निहलानी के भाई संजय कुमार निहलानी ने बताया कि इस टूर में उनके साथ रायपुर के ही नीरज बाजपेयी भी यात्रा कर रहे थे। अजय के अचानक निधन के बाद अब नीरज बाजपेयी पुर्तगाल में रहकर पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने के लिए जरूरी कानूनी औपचारिकताएं (legal formalities) और दस्तावेज पूरे करने में जुटे हुए हैं।



