Balrampur Heatwave: वाड्रफनगर में गर्मी से मर रहे चमगादड़, प्रशासन ने पेड़ों पर कराया पानी का छिड़काव

बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में भीषण गर्मी अब वन्यजीवों पर भारी पड़ने लगी है। पुलिस चौकी के पास पेड़ों पर रहने वाले हजारों चमगादड़ों में लगातार मौत का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। Heatwave और बढ़ते तापमान के बीच वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से पेड़ों के नीचे बड़ी संख्या में चमगादड़ मृत हालत में मिल रहे थे। इससे इलाके में दुर्गंध फैलने लगी थी और लोगों में डर का माहौल बन गया था। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य शुरू कराया। पेड़ों पर पानी का छिड़काव किया गया ताकि गर्मी से परेशान चमगादड़ों को कुछ राहत मिल सके।
गर्मी से फेल हो रहा चमगादड़ों का सिस्टम
पशु चिकित्सक डॉ. कमला आयाम ने बताया कि इलाके में तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। चमगादड़ों के लिए 39 डिग्री तापमान एक तरह का Tipping Point माना जाता है। इसके बाद उनका शरीर तापमान नियंत्रित नहीं कर पाता।
उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी की वजह से चमगादड़ों का Heterothermic System प्रभावित हो जाता है। इससे उनके शरीर के अंग धीरे-धीरे काम करना बंद कर देते हैं। Hyperthermia की स्थिति बनने पर वे पेड़ों से नीचे गिरने लगते हैं और कई की मौत हो जाती है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मृत चमगादड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। वहीं प्रशासन ने इलाके में सफाई और निष्पादन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है ताकि संक्रमण या दुर्गंध की समस्या न बढ़े।



