कांग्रेस को बड़ा झटका, कांग्रेस की महिला महामंत्री ने पार्टी से दिया इस्तीफा, भाजपा का दामन थामा

जगदलपुर। बस्तर की राजनीति में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस की महिला महामंत्री कमल झज ने पार्टी से इस्तीफा देने के कुछ ही समय बाद भाजपा का दामन थाम लिया। उनके साथ कांग्रेस की पूर्व महामंत्री अम्मा जी राव ने भी अपने समर्थकों सहित भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद जगदलपुर की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Kiran Singh Dev की मौजूदगी में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में करीब 14 महिला कार्यकर्ताओं ने भाजपा जॉइन की। कार्यक्रम के दौरान सभी नई सदस्य महिलाओं का भाजपा गमछा और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार और महिला शक्ति के बढ़ते समर्थन से जोड़कर देखा।
कमल झज लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय मानी जाती थीं। वहीं अम्मा जी राव का भी स्थानीय राजनीति में अच्छा प्रभाव माना जाता है। ऐसे में दोनों नेताओं का भाजपा में शामिल होना कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि आने वाले निकाय और पंचायत चुनावों से पहले यह बदलाव भाजपा को संगठनात्मक मजबूती दे सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से प्रभावित होकर लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” की नीति पर काम करते हुए भाजपा हर वर्ग तक पहुंच बना रही है। उन्होंने इसे पार्टी के बढ़ते जनाधार का संकेत बताया।



