Love Marriage के 2 महीने बाद दुल्हन फरार, जेवर और 50 हजार कैश ले जाने का आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां लव मैरिज के महज दो महीने बाद नवविवाहिता अचानक घर से गायब हो गई। पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपए नकद लेकर अपने पुराने बॉयफ्रेंड के साथ फरार हो गई है। मामला DD Nagar थाना क्षेत्र का है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार परेशान है और लगातार पुलिस के चक्कर काट रहा है।
जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती के बीच करीब 6 महीने तक रिलेशनशिप रहा। इसके बाद दोनों ने 20 मार्च को परिवार की मौजूदगी में शादी की थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन अचानक दुल्हन के गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया। पति गगन साहू का कहना है कि उसकी पत्नी कुछ दिन पहले मायके जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी।
पति ने आरोप लगाया कि पत्नी अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 50 हजार रुपए नकद भी ले गई है। उसने आशंका जताई कि उसकी पत्नी अपने पुराने प्रेमी के संपर्क में थी और उसी के साथ चली गई है। फिलहाल परिवार अपने स्तर पर भी उसकी तलाश कर रहा है।
पीड़ित पति का कहना है कि वह पिछले तीन दिनों से थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं हुई है। इसको लेकर परिवार में नाराजगी है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवती रायपुर से लगे अमलेश्वर इलाके की रहने वाली है। शुरुआती जांच में मामला दूसरे थाना क्षेत्र से जुड़ा नजर आ रहा है, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे कार्रवाई की जा रही है।



