मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हितग्राहियों को अपने हाथों से पहनाया नजर का चश्मा

रायपुर। विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी लेते हुए हितग्राहियों से भी संवाद किया।

स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में मुख्यमंत्री ने 76 वर्षीय गोवर्धन ध्रुव, 65 वर्षीय अनुपकुंवर पाल तथा कक्षा छठवीं के छात्र संजय चक्रधारी और जयसेन को अपने हाथों से नजर का चश्मा पहनाया। चश्मा मिलने के बाद हितग्राहियों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
हितग्राहियों ने कहा कि अब उन्हें पढ़ने-लिखने और दैनिक कार्य करने में काफी सुविधा होगी। बच्चों और बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार और आवश्यक सहायता मिलना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
सुशासन तिहार समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ प्राप्त किया।



