अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 चैन माउंटेन मशीनें सील

रायपुर। राज्य शासन के निर्देश पर खनिज साधन विभाग द्वारा अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने महासमुंद जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत खनन में लगी मशीनों और वाहनों को जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 की सुबह महासमुंद जिले की पिथौरा तहसील अंतर्गत ग्राम बल्दीडीह स्थित जोंक नदी में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मौके पर 2 चैन माउंटेन मशीनें अवैध रेत उत्खनन करते पाई गईं। वहीं 3 हाईवा और 4 ट्रैक्टर रेत परिवहन में लगे हुए मिले।
जांच के दौरान संबंधित पक्ष कोई वैध अनुमति, अभिवाहन पास या अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। बताया गया कि स्वीकृत खदान क्षेत्र के बाहर रेत उत्खनन किया जा रहा था और मशीनों के जरिए अवैध खनन चल रहा था।
खनिज विभाग की टीम ने मौके पर ही अवैध उत्खनन कार्य बंद कराया। इसके बाद खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत दोनों चैन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील कर दिया गया। फिलहाल मशीनों को आगामी आदेश तक खदान मुंशी के सुपुर्द किया गया है।
इसके अलावा 3 हाईवा और 4 ट्रैक्टरों को भी जब्त कर साकरा थाना की अभिरक्षा में थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। संबंधित खदान संचालक को नोटिस जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी गई है।
कार्रवाई के दौरान केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त जांच टीम और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। विभाग ने साफ किया है कि अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



