Twisha Sharma Death Case: भोपाल के चर्चित मौत मामले की जांच अब CBI करेगी, गृह विभाग ने भेजा पत्र

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। राज्य सरकार ने इस मामले की जांच अब Central Bureau of Investigation को सौंपने का फैसला किया है। इसे लेकर मध्यप्रदेश सरकार के गृह विभाग ने सीबीआई को आधिकारिक पत्र भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक 12 मई को बाग मुगलिया एक्सटेंशन इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मामला सामने आने के बाद से ही इसे लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। अब सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने कुछ दिन पहले ही इस मामले में निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गृह विभाग ने कार्रवाई करते हुए सीबीआई को जांच सौंपने संबंधी आदेश जारी किया।
बताया जा रहा है कि ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई को हुई थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया था कि उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या की। हालांकि परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए कई सवाल उठाए हैं। परिवार लगातार दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहा है।
इस बीच भोपाल कोर्ट ने पुनः पोस्टमार्टम की अनुमति देने से इंकार कर दिया था। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। जानकारी के अनुसार ट्विशा का शव अभी भी मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया है। अदालत ने पुलिस को शव सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
मामले में आरोपी समर्थ सिंह की ओर से भी हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया है। वहीं पीड़ित परिवार ने आरोपी की जमानत का विरोध किया है। आज इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है।
ट्विशा शर्मा मौत मामला पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सीबीआई जांच के फैसले के बाद लोगों की नजरें एजेंसी की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



