BJP नेत्री ने कारोबारी पर लगाया रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप, ढाई करोड़ लेने का भी दावा

बिलासपुर। बिलासपुर की एक भाजपा नेत्री ने झारखंड के कारोबारी पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और कारोबारी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला भाजपा से जुड़ी हुई है और हाल के दिनों में टिकट की दावेदारी भी कर चुकी थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका दिल्ली आना-जाना लगा रहता था। करीब दो साल पहले दिल्ली में उसकी मुलाकात झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई थी।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को बड़ा कारोबारी बताते हुए माइनिंग सेक्टर में निवेश कराने का प्रस्ताव दिया। उसने व्यापार में साझेदारी और मोटे मुनाफे का झांसा देकर भरोसा जीता। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने भरोसे का फायदा उठाकर दिल्ली में उसके साथ दुष्कर्म किया।
भाजपा नेत्री ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा। महिला के मुताबिक, कारोबारी ने अलग-अलग किश्तों में उससे करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए। रकम आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से ट्रांसफर की गई। आरोपी लगातार निवेश और मुनाफे का भरोसा देता रहा, लेकिन बाद में पैसे लौटाने से बचने लगा।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उल्टा उसे धमकाना और दबाव बनाना शुरू कर दिया। लगातार मानसिक प्रताड़ना के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। आरोपी से पूछताछ के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।



