रायपुर में रेलवे ट्रैक के पास मिली युवक की संदिग्ध लाश, शरीर पर चोट के निशान; गंज इलाके में दो दिन में दूसरा शव मिलने से सनसनी

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां चूनाभट्टी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक एक युवक की संदिग्ध हालत में लाश मिली है। दिनदहाड़े शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। (Raipur Crime News)
मृतक की हुई पहचान, शरीर पर मिले चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त खमतराई निवासी बिट्टू के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक शव पड़ा हुआ देखा था, जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से मुआयना किया, तो मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के गहरे निशान पाए गए। चोट के निशानों को देखते हुए शुरुआती नजर में मामला पूरी तरह संदिग्ध लग रहा है। (Suspicious Death Case Raipur)
गंज इलाके में दो दिनों के भीतर दूसरी लाश, दहशत का माहौल
इस घटना ने गंज इलाके के लोगों को डरा दिया है, क्योंकि पिछले दो दिनों के भीतर यहां लाश मिलने की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले गंज क्षेत्र में ही भ्रमार कुमार चटर्जी नाम के व्यक्ति का शव मिला था, जिसकी जांच अभी चल ही रही थी कि इस दूसरे मामले ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय निवासियों के बीच दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। (Ganj Police Station Raipur)
हत्या या हादसा? सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल जोन के डीसीपी (DC) उमेश गुप्ता ने बताया कि चूनाभट्टी रेलवे फाटक के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल एक्शन में आई। उन्होंने कहा, “शव पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।”
फिलहाल गंज थाना पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह किसी ट्रेन हादसे का शिकार हुआ है या फिर युवक की हत्या कर लाश को यहां फेंका गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही रेलवे ट्रैक और चूनाभट्टी रोड पर लगे सभी सीसीटीवी (CCTV Cameras) के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि युवक के वहां पहुंचने की कड़ियों को जोड़ा जा सके।



