16 साल का भरोसा और 2.34 करोड़ का सोना पार! रायपुर के इस शोरूम में कैसे हुई छत्तीसगढ़ की सबसे सनसनीखेज चोरी?

रायपुर। राजधानी रायपुर के सर्राफा हब सदर बाजार से सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक नामी ज्वेलरी दुकान में पिछले 16 साल से काम कर रहे एक बेहद भरोसेमंद कर्मचारी ने ही मालिक की पीठ में छुरा घोंप दिया। आरोपी कर्मचारी दुकान से करीब 2 करोड़ 34 लाख रुपए कीमत का सोना लेकर रफूचक्कर हो गया है। कारोबारी की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
16 साल का भरोसा, एक झटके में साफ
यह पूरी घटना सदर बाजार स्थित मशहूर ज्वेलरी दुकान ‘मनोहरमल एंड कंपनी’ की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बंधवापारा का रहने वाला सूरज साहू इस दुकान में पिछले 16 वर्षों से काम कर रहा था। इतने लंबे समय से जुड़े होने के कारण दुकान मालिक उस पर आंख मूंदकर भरोसा करते थे। सूरज को दुकान के डिस्प्ले में सजे सोने के कीमती जेवरों को रोज रात को वापस लॉकर में सुरक्षित रखने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम, महीने भर तक किसी को नहीं हुआ शक
लोकल रिपोर्टर के मुताबिक, शातिर कर्मचारी ने चोरी की पटकथा पिछले महीने ही लिख दी थी। पिछले महीने उसने एक बड़े व्यापारी को दिखाने के बहाने लॉकर से भारी मात्रा में सोना निकाला था। गहने दिखाने के बाद उसने सोना वापस लॉकर में रखने के बजाय चुपके से अपने बैग में डाल लिया और घर चला गया।
हद तो यह है कि चोरी करने के बाद भी वह कई दिनों तक रोज सामान्य तरीके से दुकान आता रहा, ताकि किसी को जरा भी शक न हो। करीब एक महीने बाद जब दुकान के स्टॉक का मिलान (Stock वेरिफिकेशन) किया गया, तो सबके होश उड़ गए। स्टॉक में से कुल 1,495 ग्राम (करीब डेढ़ किलो) सोना कम था।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, आरोपी घर छोड़कर फरार
सोना गायब होने के बाद जब दुकान मालिक ने अंदर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले, तो सच सामने आ गया। वीडियो में सूरज साहू लॉकर के पास संदिग्ध हरकतें करता और सोने को पार करता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित कारोबारी ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने जब आरोपी के बंधवापारा स्थित घर पर दबिश दी, तो वह परिवार समेत फरार मिला। पुलिस की अलग-अलग टीमें अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी सूरज की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।



