सियान गुड़ी बन रही वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहारा और सम्मान का केंद्र

जशपुर जिले में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित “सियान गुड़ी” वरिष्ठ नागरिकों के लिए देखभाल, स्वास्थ्य सुविधा और सामाजिक जुाव का अहम केंद्र बनकर सामने आ रही है। समाज कल्याण विभाग की इस पहल से बुजुर्गों को न केवल स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं, बल्कि उन्हें आत्मीय माहौल भी मिल रहा है।

जिले में अब तक 94 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन किया जा चुका है। इनमें से 32 बुजुर्गों को नियमित रूप से फिजियोथेरेपी की सुविधा दी जा रही है। इससे उन्हें शारीरिक परेशानियों में राहत मिल रही है और स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिल रहा है।
हाल ही में जिला अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने सियान गुड़ी और नशामुक्ति केंद्र का दौरा किया। टीम में चिकित्सा अधिकारी, मनोवैज्ञानिक, साइकेट्रिक नर्स और लैब तकनीशियन शामिल थे। विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और रक्त जांच भी की। इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और काउंसिलिंग भी दी गई।
सियान गुड़ी में रोज सुबह 10 बजे से वरिष्ठ नागरिक विभिन्न सामाजिक, मनोरंजक और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। यहां दिनभर सकारात्मक माहौल बना रहता है। शाम 6 बजे सभी पंजीकृत बुजुर्गों और कर्मचारियों की मौजूदगी में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाता है। इससे बुजुर्गों को मानसिक और आध्यात्मिक शांति मिलती है।
इस केंद्र से लाभान्वित वरिष्ठ नागरिकों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है। उनका कहना है कि सियान गुड़ी उनके लिए सम्मान, अपनापन और देखभाल का केंद्र बन चुका है।
समाज कल्याण विभाग ने जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सियान गुड़ी पहुंचकर इस सुविधा का लाभ लें।



