एनएमएमएस परीक्षा के आदर्श उत्तर जारी, 25 मई तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) 2026 के प्रश्नपत्रों के आदर्श उत्तर जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 2 मई 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब जारी उत्तरों पर दावा और आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार, परीक्षार्थी 19 मई 2026 से 25 मई 2026 तक दावा-आपत्ति आवेदन जमा कर सकेंगे। आवेदन केवल कार्यालयीन दिवसों में सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को अपना आवेदन सचिव, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर के नाम से मंडल के आवक कक्ष में जमा करना होगा। मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के साथ परीक्षार्थी का नाम, रोल नंबर, हस्ताक्षर और प्रवेश पत्र की छायाप्रति लगाना अनिवार्य रहेगा।
इसके अलावा जिस प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति की जा रही है, उसके समर्थन में प्रमाण या दस्तावेज भी संलग्न करना जरूरी होगा। बिना प्रमाण के भेजे गए आवेदन मान्य नहीं किए जाएंगे।
मंडल ने यह भी साफ कर दिया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। डाक के माध्यम से भेजे गए आवेदन समय पर नहीं पहुंचने या विलंब होने की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी मंडल की नहीं होगी।
वहीं ई-मेल के जरिए भेजी गई दावा-आपत्तियों पर भी कोई विचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को तय समय के भीतर सीधे कार्यालय पहुंचकर आवेदन जमा करने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों के लिए आयोजित की जाती है। इस परीक्षा में सफल छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति का लाभ मिलता है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आदर्श उत्तरों का सावधानीपूर्वक मिलान कर समय रहते अपनी आपत्तियां दर्ज कराएं।
English Keywords: NMMS Exam 2026, CGBSE Raipur, NMMS Answer Key, Chhattisgarh Board News, Scholarship Exam, NMMS Objection Date, Education News CG, CGBSE Latest Update



